राज्य
30-Apr-2026
...


खगड़िया, (ईएमएस)। गुरुवार सुबह खगड़िया-गौछारी एनएच-31 पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक गिट्टी लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सामने से गुजर रहे ऑटो पर पलट गया। मृतकों की पहचान सीआईएसएफ जवान बिपिन चौरसिया, उनकी पत्नी दीपमाला चौरसिया और ऑटो चालक टांकेश मुनि के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बिपिन चौरसिया छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे और गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अपनी पत्नी के साथ स्टेशन जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद ऑटो ट्रक के नीचे दब गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। घटना महेशखुट थाना क्षेत्र के गौछारी स्थित एनएच-31 पर हुई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। - ३० अप्रैल/२०२६/ईएमएस