क्षेत्रीय
30-Apr-2026
...


बेगूसराय, (ईएमएस)। बेगूसराय में एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सड़क पार कर रहे स्कूली छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना एफसीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहट चांदनी चौक के पास घटी। मृतक की पहचान बिहट गांव निवासी बलराम पासवान के पुत्र कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। कन्हैया कुमार गांव के ही एक सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि कन्हैया कुमार बाजार में कॉपी खरीदने के लिए जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन काफी तेज गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया। वाहन छात्र को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि कन्हैया कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर घटना के बाद चालक पिकअप वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस बीच सूचना मिलते ही एफसीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। - ३० अप्रैल/२०२६/ईएमएस