राज्य
30-Apr-2026
...


- पीएम को भेजे जायेंगे 10 लाख पोस्टकार्ड रांची (ईएमएस)। कृषि एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। गुरुवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे पर केवल राजनीतिक ड्रामेबाजी कर रही है। इस दौरान महिला कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सांकेतिक रूप से बेस्ट ड्रामा ऑफ द ईयर का अवार्ड देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जब महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही पारित हो चुका है, तो विशेष सत्र में नया संशोधन बिल लाना केवल जनता को गुमराह करना है।उन्होंने सवाल उठाया कि तीन साल पहले पारित कानून को अब तक गजट नोटिफाई क्यों नहीं किया गया? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की मंशा महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन का बिल पास करने की थी।केंद्र सरकार जनगणना और परिसीमन का बहाना बनाकर महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रख रही है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो ने बताया कि भाजपा के इस झूठ के खिलाफ देशभर में अभियान चलाया जायेगा।इसके तहत प्रधानमंत्री को 10 लाख पोस्टकार्ड भेजे जायेंगे।ओबीसी महिलाओं के लिए भी आरक्षण के प्रावधान की मांग की जायेगी। छह मई को लोक भवन के समक्ष धरना प्रदर्शन होगा।उन्होंने बताया कि मंडलवार संवाददाता सम्मेलनों के जरिये जनता को भाजपा के भ्रमजाल से अवगत कराया जायेगा। इस क्रम में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह, कोल्हान प्रमंडल में दयामनी बारला, पलामू प्रमंडल में राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद व संताल परगना पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अनुपमा सिंह विभिन्न तिथियों में संवाददाता सम्मेलन करेंगी।कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद ने कहा कि संविधान की धारा 330 ए के तहत जो संशोधन होता है वह कानून बन जाता है, लेकिन भाजपा भ्रम फैलाकर चुनावी लाभ लेना चाहती है। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं और अब प्रधानमंत्री अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए महिलाओं का सहारा ले रहे हैं। - 30अप्रैल/26