- दुकानों के बाहर निकली अनधिकृत पट्टियां एवं अवरोध हटाए गए कटनी (ईएमएस)। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा गुरुवार को झंडा बाजार क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान गांधी द्वारा से झंडा बाजार जाने वाले मार्ग पर सार्वजनिक सड़क एवं नालियों पर किए गए 10 से अधिक अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने के साथ ही दुकानों के बाहर निकली अनधिकृत लोहे की पट्टियां, बोर्ड एवं अन्य अवरोधों को हटाने की कार्यवाही की गई। नगर निगम अमले ने व्यापारियों एवं दुकानदारों को समझाइश देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किए जाने से आमजन एवं वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बाजार क्षेत्र में बढ़ती भीड़ एवं यातायात दबाव को देखते हुए सड़क मार्गों को बाधा मुक्त बनाए रखना आवश्यक है। कार्यवाही के दौरान निगम अधिकारियों ने दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए भविष्य में पुनः अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि शहर की यातायात व्यवस्था एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी। नगर निगम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों एवं मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे शहर में सुचारू यातायात एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। ईएमएस / 30/04/2026