राज्य
30-Apr-2026


मैदान में मिला शव, हत्या की आशंका जबलपुर (ईएमएस)। जिले के मझौली थाना क्षेत्र के इंद्राना गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक रात में खाना खाने के बाद टहलने निकला था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव इंद्राना यज्ञशाला के पास खेल मैदान में बरगद के पेड़ के नीचे मिला। प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान और आसपास खून के धब्बे मिले हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने हत्या कर शव को यहां फेंक दिया है। जानकारी के अनुसार, इंद्राना के बगियाना मोहल्ला निवासी तुलसी कोल उर्फ भूरा 28 अप्रैल की रात खाना खाने के बाद घर से बाहर निकले थे। परिजनों ने बताया कि वे रोज की तरह टहलने गए थे, लेकिन उस रात वापस नहीं लौटे। परिवार ने पूरी रात उनका इंतजार किया और आसपास तलाश भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे भतीजे रंजीत ने जानकारी दी कि भूरा का शव यज्ञशाला के पास पड़ा है। सूचना मिलते ही मझौली थाना प्रभारी नेहरू सिंह खण्डाते अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से मृतक की चप्पलें, खून से सने बांस के टुकड़े और टाट की पट्टी मिली है। मृतक का एक पैर बुरी तरह मुड़ा हुआ था, जिससे मारपीट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई है। सुनील साहू / शहबाज / 30 अप्रैल 2026/ 06.02