राज्य
30-Apr-2026
...


राजस्व मामलो में बनाया जा रहा अनावश्यक दबाव जबलपुर (ईएमएस)। कलेक्टर कार्यालय में गुरुवार को पटवारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तहसील स्तर पर हो रही कार्यवाहियों को अनुचित बताया। पटवारियों का कहना है कि उनके खिलाफ की जा रही कार्रवाई नियमों के विपरीत है और बिना उचित कारण के दबाव बनाया जा रहा है। पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष जागेंद्र पिपरी ने बताया कि डायवर्शन से जुड़े मामलों में अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारी होने के बावजूद पटवारियों को ही निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना स्पष्ट आधार के लक्ष्य तय किए जा रहे हैं और लक्ष्य पूरा नहीं होने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जा रही है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में विभागीय जांच पूरी किए बिना ही पटवारियों की वेतन वृद्धि रोक दी गई है, जो सेवा नियमों का उल्लंघन है। इसके अलावा स्वीकृत अवकाश के बाद भी वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की जा रही है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवारियों ने यह भी बताया कि उनसे उनके मूल कार्यों के अलावा स्कैनिंग और अन्य गैर-जरूरी काम कराए जा रहे हैं। नए सॉफ्टवेयर और प्रक्रियाओं के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण दिए बिना ही काम का दबाव बढ़ाया जा रहा है, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है। पटवारी संघ ने प्रशासन के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें पटवारियों के खिलाफ हो रही अनुचित कार्रवाई तुरंत बंद करना, वेतनवृद्धि रोकने के आदेश वापस लेना, कार्यक्षेत्र से बाहर के कामों का दबाव खत्म करना और मानसिक व प्रशासनिक उत्पीड़न रोकना शामिल है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो जिले के सभी पटवारी हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे। ऐसी स्थिति में होने वाली किसी भी असुविधा की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सुनील साहू / शहबाज / 30 अप्रैल 2026/ 06.02