नई दिल्ली (ईएमएस)। बंगाल में हुए चुनावी माहौल की गूंज दिल्ली में बसे मिनी बंगाल में भी साफ सुनाई दी। दक्षिणी दिल्ली के चितरंजन पार्क में बंगाली समुदाय के बीच बुधवार को चुनाव को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। बाजार, दुकानों और घरों में भी लोग चुनावी माहौल को लेकर बात करते नजर आए। अलग-अलग इलाकों में लोग मतदान प्रतिशत, चुनावी मुद्दों और संभावित परिणामों को लेकर चर्चा करते दिखे। कई लोगों ने इस बार हुए रिकाॅर्ड मतदान प्रतिशत को बदलाव का संकेत बताया, तो कुछ ने इसे मौजूदा सत्ताधारी पार्टी के प्रति जनता के समर्थन के रूप में देखा।चुनावी माहौल के बीच किसी का मानना है कि राज्य में धार्मिक तकरार, जातिगत हिंसा और बेरोजगारी जैसी बातें बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश की जा रही हैं, जबकि जमीनी स्तर पर लोग संतुष्ट नजर आते हैं। वहीं, किसी ने कहा कि इस बार लोगों ने बदलाव की बयार को लेकर मतदान किया है। दिल्ली में रह रहे बंगाली समुदाय के लोगों के बीच यह चर्चाएं दिखाती हैं कि राज्य का चुनाव सिर्फ बंगाल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में बसे लोगों की नजर भी इस पर टिकी हुई है। अब सभी को चुनाव परिणामों का इंतजार है, जो यह तय करेंगे कि उच्च मतदान बदलाव की बयार लाता है या मौजूदा सरकार को ही मजबूत करता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/30/अप्रैल /2026