राज्य
30-Apr-2026


* 1 मई से 31 जुलाई 2026 तक निःशुल्क सेवा, पोस्टमैन करेगा फेस और बायोमेट्रिक सत्यापन अहमदाबाद (ईएमएस)| पेंशनधारकों के जीवन प्रमाण पत्र (हयाती) सत्यापन के लिए गुजरात सरकार ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ मिलकर महत्वपूर्ण पहल की है। गुजरात सरकार के रिटायर्ड पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र (हयाती) सत्यापन के लिए अब बैंक, ट्रेजरी या किसी अन्य ऑफिस में जाने की आवश्यकता नहीं है। यह सेवा निःशुल्क रूप से उनके घर पर पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव और गुजरात सरकार में वित्त सचिव संदीप कुमार की उपस्थिति में गुजरात सरकार और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के बीच हुए समझौते (एमओयू) के तहत पेंशनर्स को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा 1 मई से 31 जुलाई, 2026 के मध्य उनके घर पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गुजरात के लगभग 5 लाख से अधिक पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। इस समझौते पर आईपीपीबी की ओर से असिस्टेंट जनरल मैनेजर रणवीर सिंह तथा गुजरात सरकार की ओर से निदेशक, वित्त विभाग अमित मीना ने हस्ताक्षर किए। उल्लेखनीय है कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में देशभर में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का शुभारंभ किया था, तब बैंकिंग सेवाएं आपके द्वार उनका प्रमुख विजन था। इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए गुजरात सरकार ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ मिलकर यह पहल की है। इस अवसर पर आईपीपीबी के चीफ मैनेजर अभिजीत जिभकाटे तथा सीनियर मैनेजर संतोष कुमार भी उपस्थित रहे। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा प्रमाणीकरण) तकनीक और फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की डिजिटल प्रक्रिया के उपयोग को बढ़ावा देना है, जिससे सभी पेंशनर्स, विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वालों को सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें। पेंशनभोगियों को डिजिटल बायोमेट्रिक सर्टिफिकेशन के जरिए कुछ ही मिनटों में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा, जिसकी डिजिटल कॉपी भी पेंशन ऑफिस में पहुंच जाएगी। यह सेवा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा विकसित जीवन प्रमाण एप्लिकेशन के माध्यम से दी जा रही है। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि गत वर्ष गुजरात में 93 हजार से ज़्यादा पेंशनधारकों ने इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र का लाभ लिया, जिसमें गुजरात सरकार के 62 हज़ार से ज़्यादा पेंशनधारकों ने घर बैठे यह सुविधा प्राप्त की। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, गुजरात सर्किल के असिस्टेंट जनरल मैनेजर श्री रणवीर सिंह ने बताया कि, जीवन प्रमाण पत्र के लिए पेंशनर को आधार नंबर, मोबाइल नंबर और पीपीओ नंबर डाकिया को देना होगा। प्रमाण पत्र जनरेशन प्रक्रिया पूरी होने पर, पेंशनर को उसके मोबाइल नंबर पर प्रमाण आईडी एस.एम.एस द्वारा प्राप्त होगा और प्रमाण पत्र को https://jeevanpramaan.gov.in/ppouser/login पर डाउनलोड किया जा सकेगा। यह पहल न केवल पेंशनर की सुविधा बढ़ाती है, बल्कि उन्हें यात्रा और समय की परेशानी से भी बचाती है। अन्य राज्यों में रहने वाले गुजरात के पेंशनभोगियों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा। इसके लिए उन्हें नजदीकी डाकघर या पोस्टमैन से संपर्क करना होगा। साथ ही, पेंशनर डाकिया के माध्यम से आधार सक्षम भुगतान प्रणाली का उपयोग कर घर बैठे ही अपने बैंक खाते से पेंशन राशि निकाल सकते हैं, जिससे यह सेवा पूर्णतः सुविधाजनक और सुलभ बन जाती है। सतीश/30 अप्रैल