:: डॉक्टरों को दिए बेहतर उपचार के निर्देश, मुख्यमंत्री के निर्देश पर घायलों का हो रहा नि:शुल्क इलाज :: इंदौर (ईएमएस)। धार जिले में हुई दुखद सड़क दुर्घटना के घायलों की सुध लेने के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े गुरुवार को श्री अरबिंदो अस्पताल पहुँचे। उन्होंने अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। संभागायुक्त ने अस्पताल प्रमुख डॉ. महक भंडारी से चर्चा कर घायलों के उपचार की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। डॉ. खाड़े ने वार्ड में भर्ती केसर भाई, निर्मला बाई, विक्रम भाई, आशा बाई, बेबी मनीषा और निशा से व्यक्तिगत रूप से भेंट की। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन उनके साथ खड़ा है और अस्पताल में समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों को समय पर दवाइयां और आवश्यक जांच की सुविधा मिले और किसी भी स्तर पर उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जा रहा है। सरकार द्वारा गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपए तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। :: वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद :: निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, डॉ. राघवेंद्र रायंगर, अस्पताल प्रबंधन के राजीव सिंह और अन्य वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित थे। संभागायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों की रिकवरी की निरंतर निगरानी करने के निर्देश भी दिए। प्रकाश/30 अप्रैल 2026