:: गेहूं का एक-एक दाना खरीदेगी सरकार, श्रीमद्भगवत् कथा में शामिल होकर संतों का लिया आशीर्वाद :: शाजापुर/उज्जैन (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जिस प्रकार शरीर के लिए भोजन अनिवार्य है, उसी प्रकार आत्मा की शुद्धि के लिए भक्ति और सत्संग की महत्ता सर्वोपरि है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री गुरुवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर स्थित हाटकेश्वर धाम सेमली घाट में पंडित कमल किशोर नागर द्वारा प्रस्तुत श्रीमद्भगवत् कथा में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने संत समाज के मार्गदर्शन और समाज सुधार के कार्यों की सराहना की। कथा में शामिल होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने शुजालपुर में गेहूं उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि धरती माता की कृपा से इस वर्ष प्रदेश में गेहूं का उत्पादन दोगुना हुआ है। सरकार किसानों के परिश्रम का सम्मान करते हुए उनकी उपज का एक-एक दाना खरीदेगी। समर्थन मूल्य के साथ 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस जोड़कर इस वर्ष 2,625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने पंडित कमल किशोर नागर द्वारा संचालित नशा मुक्ति और गौ-सेवा अभियान के व्यापक प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को संस्कारित बनाना ही वंश की सच्ची अमरता है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार उज्जैन के सांदीपनि आश्रम और भगवान श्रीकृष्ण के सभी लीला स्थलों को पवित्र तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है। प्रदेश के नगरीय निकायों में गीता भवन और जनपदों में आदर्श वृंदावन ग्राम स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने काशी में स्थापित वैदिक घड़ी का उल्लेख करते हुए बताया कि बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने इस ऐतिहासिक घड़ी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर द्वारा निर्मित काशी विश्वनाथ धाम में मध्यप्रदेश सरकार ने प्राचीन गौरव को पुनः स्थापित किया है। गौ-संरक्षण की दिशा में सरकार नई गौशालाएं खोल रही है, जिससे न केवल कुपोषण दूर होगा बल्कि पशुपालन से किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। प्रकाश/30 अप्रैल 2026