क्षेत्रीय
01-May-2026
...


- कालीपीठ में दिखा मूवमेंट, GPS कॉलर से वन विभाग कर रहा ट्रैकिंग राजगढ़(ईएमएस)l गत दिवस शिवपुरी के कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता KP3 शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे राजगढ़ जिले के कालीपीठ क्षेत्र में पहुंच गया। चीते के पहुंचने की तस्वीरें सामने आने के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है। ग्रामीणों ने अपने पशुओं और बच्चों को लेकर सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, चीता फिलहाल कालीपीठ थाने से लगभग 300 मीटर दूर एक पेड़ की छांव में आराम करता देखा गया। उसके गले में GPS कॉलर लगा हुआ है, जिससे वन विभाग की टीम उसकी लोकेशन और मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है। कूनो नेशनल पार्क की पांच सदस्यीय टीम चीते की लगातार निगरानी कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मौके पर राजगढ़ के वन परिक्षेत्र अधिकारी शिव कुमार चौहान, डिप्टी रेंजर राजू गुर्जर, वन रक्षक भानु खिंची और वनपाल अर्जुन मालवीय सहित कालीपीठ पुलिस बल भी मौजूद है। - राजस्थान से होते हुए पहुंचा एमपी बताया गया है कि गुरुवार को इस चीते ने राजस्थान क्षेत्र में एक बकरी के बच्चे का शिकार किया था। इसके बाद वह राजस्थान के मनोहर थाना क्षेत्र से होते हुए मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ पहुंचा है। वन विभाग की टीम उसके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर उसे सुरक्षित दिशा में मोड़ने की तैयारी भी कर रही है। -निखिल/राजगढ़/1/5/2026