क्षेत्रीय
01-May-2026
...


- IPL सीजन में रियल टाइम डिजिटल नेटवर्क का खुलासा रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के खरसिया क्षेत्र में IPL सीजन के दौरान पकड़े गए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के तीन मामलों ने सट्टेबाजी के नए और हाईटेक तरीके को उजागर कर दिया है। पुलिस की कार्रवाई में भले ही तीन अलग-अलग स्थानों से आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, लेकिन जांच में सामने आया कि तीनों एक ही डिजिटल सिस्टम के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। डभरा रोड से अजय उर्फ रिंकू अग्रवाल, गली रोड क्षेत्र से अंकित अग्रवाल और नया मंगल बाजार शेड से नरेंद्र राठौर को गिरफ्तार किया गया। तीनों के पास से जब्त मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि सट्टा पूरी तरह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर चलाया जा रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वाट्सएप ग्रुप और विशेष वेबसाइट्स के जरिए लोगों को जोड़ा था, जहां लाइव मैच के दौरान दांव लगाए जाते थे। सट्टे का यह नेटवर्क पारंपरिक तरीके से अलग था, जिसमें पहले से तय रेट नहीं होते थे। अब सट्टा पूरी तरह “रियल टाइम” पर आधारित हो गया है, जहां मैच के हर बॉल, हर ओवर और हर घटना के साथ रेट बदलते रहते हैं। ऑपरेटर तुरंत इन रेट्स को अपडेट करते हैं और उसी आधार पर दांव स्वीकार किए जाते हैं। यानी सट्टेबाजी का यह सिस्टम पूरी तरह डिजिटल और तेज़ गति से संचालित हो रहा है। पुलिस के अनुसार, इस तरह के मामलों में अब तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। मामले में आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। - (ईएमएस) 01 मई 2026