जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले में गृहमंत्री विजय शर्मा के प्रस्तावित दौरे से पहले युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, गृहमंत्री के तेंदुआ गांव में आयोजित राम कथा कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना पर युवा कांग्रेस ने विरोध का ऐलान किया था। जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने सोशल मीडिया के जरिए काला झंडा दिखाने की घोषणा की थी। युवा कांग्रेस का आरोप है कि करही गांव में हुए गोलीकांड के बाद भी गृहमंत्री मृतक के परिजनों से मिलने नहीं पहुंचे, जिससे क्षेत्र में नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर कार्यकर्ता विरोध जताने कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही कार्यकर्ता कचहरी चौक के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और पंकज शुक्ला सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर कंट्रोल रूम भेज दिया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार आरके मरावी को ज्ञापन सौंपते हुए करही गोलीकांड की उच्च स्तरीय SIT जांच की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसे और तेज किया जाएगा। - (ईएमएस) 01 मई 2026