सरगुजा (ईएमएस)। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रजपुरीकला गांव में राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा देर रात फूट पड़ा। करीब 100 से अधिक ग्रामीणों ने सोसायटी संचालक को बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए संचालक को छुड़ाया। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें कई महीनों से पूरा राशन नहीं मिल रहा है। बीते तीन दिनों से लोग सुबह 4 बजे से लाइन लगाकर राशन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। अप्रैल माह खत्म होने के बावजूद उस महीने का राशन भी नहीं मिल पाया, जिससे नाराज होकर ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। ग्रामीण धनीराम प्रजापति का कहना है कि राशन दुकान का कोई तय समय नहीं है और संचालक की लापरवाही के कारण लोगों को तीन महीने से राशन नहीं मिला। वहीं हितग्राही विमला और भुनेश्वरी ने बताया कि वे लगातार सुबह-सुबह लाइन में लग रही हैं, लेकिन चावल तक नहीं मिल पा रहा है। राशन दुकान संचालक हरिंद्र प्रसाद राजवाड़े ने सफाई देते हुए कहा कि वे महीने में लगभग 15 दिन दुकान खोलते हैं और आबंटन में दिक्कत के कारण वितरण प्रभावित हुआ है। हालांकि ग्रामीणों ने इस दावे को गलत बताते हुए कहा कि दुकान मुश्किल से एक सप्ताह ही खुलती है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया और स्थिति सामान्य की। ग्रामीणों ने अब इस मामले की शिकायत खाद्य विभाग से करने की बात कही है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। - (ईएमएस) 01 मई 2026