क्षेत्रीय
01-May-2026
...


अंबिकापुर (ईएमएस)। जिले के बस स्टैंड के पास खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। शिवम मिष्ठान और डेली नीड्स व बेकरी में जांच के दौरान करीब 2.5 लाख रुपये की एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद की गई। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक रमेश गुप्ता पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जब्त की गई एक्सपायरी सामग्री को निगम की कचरा गाड़ी के माध्यम से नष्ट कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही रहती है, जहां सीमित दुकानों के कारण लोग बिना जांचे-परखे खाद्य सामग्री खरीद लेते हैं। ऐसे में एक्सपायरी सामान की बिक्री सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने दुकान संचालक का लाइसेंस रद्द करने की भी मांग की। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी शहर के दो होटलों में छापेमारी कर अवमानक खाद्य सामग्री मिलने पर 25 हजार और 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। - (ईएमएस) 01 मई 2026