अंबिकापुर (ईएमएस)। जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डस्टर कार से 101 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बहेराडीह निवासी दया साहू लंबे समय से मध्यप्रदेश से अंग्रेजी शराब लाकर जिले में खपाने का काम कर रहा था और उस पर पुलिस की नजर थी। सूचना मिलने पर साइबर सेल और लुंड्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को उसकी डस्टर कार (CG 11 MB 5170) में बेहराडीह के पास रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से अलग-अलग ब्रांड की कुल 101 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 92,060 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी दया साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। - (ईएमएस) 01 मई 2026