धमतरी (ईएमएस)। जिले में बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए बिजली विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। अब ट्रांसफॉर्मरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे चोरी की जानकारी सीधे विभाग तक पहुंचेगी और तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। बिजली विभाग के अनुसार, सत्र 2025-26 में धमतरी संभाग में बिजली चोरी के 54 मामले सामने आए थे, जिन पर 23.49 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें से 23 लोगों ने 4.91 लाख रुपये जमा भी कर दिए हैं, जबकि बाकी से वसूली की प्रक्रिया जारी है। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए विभाग ने ट्रांसफॉर्मर स्तर पर ही निगरानी शुरू कर दी है। धमतरी संभाग में 5 हजार ट्रांसफॉर्मरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिनमें से अब तक 1480 में मीटर लगाए जा चुके हैं। जिले में घरेलू बिजली कनेक्शनों में भी स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। यह काम पिछले साल शुरू हुआ था, जिसे मार्च 2026 तक पूरा करना था, लेकिन अब इसकी समयसीमा बढ़ाकर जून कर दी गई है। जून तक करीब 12 हजार घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है। स्मार्ट मीटर के जरिए अब ऑनलाइन कनेक्शन काटने की सुविधा भी शुरू हो चुकी है। जनवरी से अब तक 1000 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन ऑनलाइन काटे जा चुके हैं। यदि उपभोक्ता निर्धारित समय पर बिल जमा नहीं करते हैं, तो 21 दिन की मोहलत के बाद बीपी नंबर के जरिए कनेक्शन काट दिया जाता है। भुगतान करते ही कनेक्शन फिर से चालू कर दिया जाता है। - (ईएमएस) 01 मई 2026