गुना (ईएमएस) ।दादी की तेरहवीं की चिट्ठी देने जा रहे एक किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंताहरण के पास गत दोपहर 3 से 4 बजे के बीच हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार बरखेड़ा गिर्द निवासी 55 वर्षीय पूरन सिंह आदिवासी अपनी दादी के निधन के बाद तेरहवीं की चिट्ठी देने गांव से चिल्का की ओर जा रहे थे। उनकी दादी का निधन 22 अप्रैल को हुआ था। रास्ते में चिंताहरण के पास एक आयशर ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पूरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बाइक पर उनके रिश्तेदार नवल भी सवार थे, जो वाहन चला रहे थे। दुर्घटना में उन्हें सिर में चोट आई है। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पूरन सिंह को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार पूरन सिंह खेती-किसानी करते थे और परिवार में चार भाई-बहन हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -सीताराम नाटानी