- औद्योगिक विकास, ग्रीन एनर्जी, कृषि और स्टार्टअप इनोवेशन की झलक; निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर जोर सूरत (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सूरत में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के शुभारंभ से पूर्व ऑरो यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल एग्जीबिशन का विधिवत् उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्य के औद्योगिक विकास, कृषि प्रगति, ग्रीन एनर्जी और सेवा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को प्रतिबिंबित करती हुई एक विशाल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी के विभिन्न पवेलियन और स्टॉलों का दौरा कर उद्योगपतियों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने नई टेक्नोलॉजी, ग्रीन एनर्जी इकाइयों, कृषि में आधुनिक पद्धतियों और सेवा क्षेत्र के विकसित हो रहे मॉडलों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने राज्य के विकास में निजी क्षेत्र, उद्योगपतियों और युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रोत्साहित किया। गुजरात देश के ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में आगे बढ़ रहा है, तब राज्य सरकार द्वारा ‘वाइब्रेंट गुजरात’ के वैश्विक विजन को अधिक व्यापक बनाने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर इस प्रकार की कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का नूतन दृष्टिकोण अपनाया गया है। इस पहल के माध्यम से राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में मौजूद विकास के अवसरों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सूरत में आयोजित इस दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में दक्षिण गुजरात के सूरत सहित 6 जिलों को शामिल किया गया है, जिसमें उद्योग, कृषि, एमएसएमई और सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य रीजनल इन्डस्ट्री ग्रोथ को गति देना, निवेशकों को आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करना है। इस प्रदर्शनी को औद्योगिक और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र, ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट, कृषि, फूड प्रोसेसिंग और सेवा क्षेत्र जैसे मुख्य विभागों में विभाजित किया गया है। इस प्रदर्शनी में नई उत्पादों, टेक्नोलॉजी, मशीनरी, स्टार्टअप इनोवेशन और सरकारी योजनाओं का भी प्रदर्शन किया गया है। विशेष रूप से ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में सोलर और विंड एनर्जी से संबंधित परियोजनाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा, गुजरात की पहचान को दर्शाने वाला ‘मैंगो फेस्टिवल’ भी आयोजित किया गया, जिसमें दक्षिण गुजरात में उगाई जाने वाली आम की विभिन्न किस्मों को प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ट्रेड फेयर का भी शुभारंभ किया और प्रदर्शनी से उत्पन्न होने वाली व्यावसायिक संभावनाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस प्रकार की क्षेत्रीय कॉन्फ्रेंस राज्य के संतुलित और समावेशी विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर पाटिल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, विधायक, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के अग्रणी तथा देश-विदेश के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। - 01 मई