- परिवार वालो ने लगाया कर्जदारो पर परेशान करने का आरोप भोपाल(ईएमएस)। नये शहर के कोलार थाना इलाके में एक रैपिडो चालक द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी किये जाने की घटना सामने आई है। फिलहाल आत्महत्या का सही कारण साफ नहीं हो सका है, लेकिन मृतक के परिवार वालो का आरोप है कि उसने निजी फाइनेंस कंपनी सहित कई अन्य लोगों से कर्ज ले रखा था। कर्ज अदा नहीं कर पाने पर लेनदार लगातार उसे परेशान कर रहे थे। और इसी तनाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से नरसिंहगढ़ के रहने वाले उत्तम सिंह चौहान (45) पिता सूर्य देव सिंह चौहान अपने परिवार के साथ बीते करीब 10 महीनो से 610 क्वार्टर कोलार इलाके में किराये से रहते हुए रैपिडो चालक की नौकरी कर रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी निर्मला चौहान सहित दो बेटे है, दोनो बेटे भी प्राइवेट काम करते हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे उत्तम सिंह चौहान घर पर थे। उस समय उनकी पत्नी चेकअप कराने के लिए एक डॉक्टर के पास गई थी, वहीं दोनों बेटे भी अपने-अपने काम से वापस घर नहीं लौटे थे। डॉक्टर को दिखाकर घर लौटी पत्नी निर्मला चौहान ने दरवाजा खुलवाने के लिये काफी आवाज लगाई, लेकिन न तो घर का गेट खुला और न ही भीतर से कोई जवाब आया। इसके बाद मॉ ने बेटों को फोन करते हुए आसपास के लोगो को मदद के लिये बुलाया। पड़ोसियों की मदद से गेट तोड़कर जब घर के अंदर जाकर देखा तो वहॉ उत्तम सिंह का शव फंदे पर लटका नजर आया। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने घटनास्थल की जॉच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भेज दिया। पुलिस का कहना है की फिलहाल मौके से ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या का कारण साफ हो सके। वहीं परिवार वालो का कहना है कि उत्तम सिंह ने निजी फाइनेंस से 15 लाख का लोन लेकर नरसिंहगढ़ में मकान बनाया था। इसके बाद से परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने लगी थी। वह काफी मुश्किल से लोन की किस्त भर पाते थे। लेकिन बीते कई महीनों से वह किस्त जमा नहीं कर पा रहे थे, आरोप है की फाइनेंस कंपनी की ओर से किस्त चुकाने के लिये लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इस कारण वह काफी मानसिक तनाव में रहने लगे थे। परिवार वालो का कहना है की इसी तनाव के कारण उन्होनें यह आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस का कहना है आगे की जॉच में परिजनों के डिटेल बयान दर्ज किये जायेगें, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जुनेद / 1 मई