ग्वालियर ( ईएमएस ) । सफाई मित्रों के मेधावी छात्रों को नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। भौतिकी प्लस के डायरेक्टर ने स्वच्छता संवाद के दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के सामने यह घोषणा की है। नगर निगम को सफाई मित्रों के कक्षा 7 से 12 वीं कक्षा तक के बच्चों की लिस्ट मांगी है। लिस्ट में दिए गए बच्चों का एंटे्रंस एग्जाम लिया जाएगा, इसके बाद 50 मेधावी बच्चों को कोचिंग सेंटर में निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद विवेक सोनू त्रिपाठी एवं उपायुक्त मुकेश बंसल उपस्थित रहे। शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे नगर निगम के सफाई मित्रों के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि सफाई मित्रों का इतना अधिक वेतन नहीं होता है कि वह अपने बच्चों को अच्छी कोचिंगों में भेजकर शिक्षा दिला सकें। जिसके कारण सफाईमित्रों के कई मेधावी छात्र मार्गदर्शन के आभाव में अपना भविष्य नहीं संवार पाते हैं। गुरुवार की शाम को भौतिकी प्लस कोचिंग में शहर की सफाई व्यवस्था में सहयोग लेने के लिए पहुंचे अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने छात्रों को नगर निगम द्वारा की जाने वाली सफाई की पूरी कार्यप्रणाली समझाई। साथ ही उनसे आग्रह किया कि वह भी शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। अपने घरों से कचरा अलग-अलग कर दें। इस बात पर सभी छात्रों ने सहमति दी है। वहीं सफाई मित्रों के बारे में चर्चा चली तो भौतिकी प्लास के डायरेक्टर रितेश गौयल ने अपर आयुक्त टी प्रतीक राव से सफाई मित्रों के कक्षा 7 से 12 वीं के बच्चों की लिस्ट मांगी है, जिससे वह इनमें से बच्चों को सिलेक्ट कर नि:शुल्क शिक्षा दें सकें।