क्षेत्रीय
01-May-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। थाना जसराना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार, नगला पटिया पाढम निवासी अजय कुमार अपनी पत्नी ओम श्री और करीब 3–4 माह की बेटी तृषा के साथ शादी समारोह में जा रहे थे। रास्ते में ग्राम सुरौला के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही महिला और मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया। अजय कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा था, जहां आज (1 मई 2026) उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर थाना जसराना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है। एक ही झटके में पूरा परिवार उजड़ जाने से गांव में मातम पसरा हुआ है। ए. शर्मा फिरोजाबाद