क्षेत्रीय
01-May-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने जलकर वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान वर्ष के साथ-साथ ही गत वर्ष के जलकर उपभोक्ताओं से वसूली अभियान में तेजी लाएं। बैठक में कार्यपालन यंत्री संजीव गुप्ता, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बाल भवन के एक्यूआई सेंटर में आयोजित बैठक के दौरान अपर आयुक्त श्री तोमर ने वार्डवार जलकर की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नवीन नलकूप कनेक्शन की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में अपेक्षित संख्या में नए कनेक्शन नहीं किए गए। उन्होंने शहर की विभिन्न कॉलोनियों में बन रही बड़ी मल्टी स्टोरी इमारतों एवं चार मंजिला भवनों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना वैध बोरवेल अथवा नलकूप कनेक्शन के निर्माण कार्य किया जाना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए अनिवार्य रूप से कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, घरेलू कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन को कमर्शियल श्रेणी में परिवर्तित करने के निर्देश भी दिए गए। अपर आयुक्त ने पूर्व वित्तीय वर्ष की बकाया राशि जमा न होने पर भी नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पुरानी एवं चालू वसूली में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर उनसे प्रभावी रूप से वसूली सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिकतम राजस्व प्राप्त किया जा सके।