ग्वालियर ( ईएमएस ) । नगर निगम ग्वालियर ने शहर में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। निगम ने ग्वालियर नगर निगम सीमा के अंतर्गत रहने वाले सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि उनके घर, संस्थान या परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित है, तो उसकी जानकारी निगम को उपलब्ध कराएं। नोडल अधिकारी श्री शिशिर श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में नगर निगम ग्वालियर द्वारा वर्षा जल के संचयन हेतु विशेष प्रयास किया जा रहे हैं जिसके तहत वाटर हार्वेस्टिंग करने के लिए आम जनों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है, ऐसे में नागरिकों द्वारा किए जा रहे छोटे-छोटे प्रयास शहर के जल स्तर को सुधारने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जागरूक नागरिकों को उनके इस सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। निगम ने नागरिकों से निर्धारित प्रारूप में जानकारी साझा करने की अपील की है, जिसमें नाम, पता, वार्ड नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल (यदि हो), रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का प्रकार (रूफ टॉप/रिचार्ज पिट/स्टोरेज टैंक), स्थापना वर्ष, अनुमानित जल संग्रहण क्षमता, सिस्टम की वर्तमान स्थिति, फोटो और गूगल लोकेशन शामिल हैं। जानकारी भेजने के लिए नागरिक WhatsApp (9644405727) या ईमेल (gmcsephegwl@gmail.com) का उपयोग कर सकते हैं, या सीधे नगर निगम कार्यालय में भी जमा कर सकते हैं। नगर निगम ने इस पहल को भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है और सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है—ताकि मिलकर ग्वालियर को एक जल-संपन्न शहर बनाया जा सके।