क्षेत्रीय
01-May-2026
...


भिंड ( ईएमएस ) | नगर पालिक निगम भिण्ड में भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) का शुभारंभ आज 01 मई 2026 को अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं सुव्यवस्थित रूप से किया गया। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिक निगम भिण्ड के कम्युनिटी हाल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का सम्मानपूर्वक स्वागत कर उन्हें क्षेत्रीय कार्य हेतु रवाना किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी भिण्ड के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु नियुक्त सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया तथा उन्हें राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन हेतु शुभकामनाएँ दी गईं। भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन द्वारा फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को शीतल पेयजल की बोतलें तथा ओ.आर.एस. के पैकेट वितरित किए गए, ताकि वे क्षेत्र में भ्रमण के दौरान स्वस्थ रहकर पूरी ऊर्जा एवं सक्रियता के साथ कार्य कर सकें। औपचारिक शुभारंभ के उपरांत सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने-अपने निर्धारित वार्डों में पहुँचे, जहाँ मकान सूचीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। फील्ड भ्रमण के दौरान मकानों पर क्रमांक अंकित कर गणना कार्य प्रारंभ किया गया। जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक नगर पालिक निगम भिण्ड के समस्त वार्डों में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य सघन रूप से संचालित किया जाएगा। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी भिण्ड ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्य जनगणना 2027 की आधारभूत एवं अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक भवन, आवासीय एवं व्यावसायिक इकाई का विवरण संकलित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि “जनगणना केवल गणना नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। नागरिकों द्वारा दी गई सही जानकारी ही भविष्य की योजनाओं, संसाधनों एवं विकास कार्यों की दिशा तय करेगी। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हम जनगणना करा रहे हैं। हम सब आपके साथ हैं। मैं स्वयं भी और यहां मौजूद सभी अधिकारी आपके भ्रमण में सहयोग करेंगे। जितनी भी मदद संभव होगी, निश्चित रूप से करेंगे। यदि कोई परेशानी हो तो तत्काल बताएं। हमें यह कार्य बहुत कम समय में पूरा करना है। अनुशासन और गंभीरता के साथ जनगणना कार्य करें। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना चरणबद्ध तरीके से होगी। प्रगणकों को मकान सूचीकरण एवं परिवार रजिस्टर तैयार करने हेतु प्रगणक बैग व अन्य सामग्री सौंपी गई है। सभी को पूर्व में प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। इसलिए घर-घर जाकर सही व पूर्ण जानकारी एकत्र करें। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर एवं जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने संयुक्त रूप से “हमारी जनगणना–हमारा विकास” के संदेश के साथ इस राष्ट्रीय दायित्व को पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का संकल्प लिया।