- जनगणना के लिये निकले प्रगणकों का स्थानीय निवासियों ने किया आत्मीय स्वागत ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले में 01 मई को उत्साहपूर्वक जनगणना का कार्य शुरू हुआ। पहले दिन प्रगणकों व सुपरवाइजर के मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कराए गए। साथ ही शेष प्रगणकों व सुपरवाइजर को जनगणना किट व आईडी कार्ड भी वितरित किए गए। इसके बाद उमंग व उत्साह के साथ शासकीय सेवकों ने जनगणना का काम शुरू किया। आरंभ में प्रगणकों द्वारा नजरी-नक्शा तैयार किए। जनगणना के लिये निकले प्रगणकों का स्थानीय निवासियों ने चाय-पानी के साथ आत्मीय स्वागत भी किया। ग्राम बिल्हेटी में जब प्रगणक पहुँचे तो लोगों ने उन्हें सम्मानपूर्वक अपने घर में बिठाया और चाय-नाश्ता से स्वागत किया। भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्वालियर जिले में भी प्रथम चरण में 01 से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना (एचएलबी) का कार्य किया जा रहा है। जनगणना कार्यक्रम के तहत प्रगणक घर-घर जाकर “Census 2027-HLO” मोबाइल एप का उपयोग कर डिजिटल डाटा संग्रह करेंगे। साथ ही लोगों द्वारा पोर्टल पर स्व-गणना के तहत भरी गई जानकारी का सत्यापन भी करेंगे। दोनों तरह से प्राप्त डाटा की बहुस्तरीय जाँच होगी। पहले यह कार्य पर्यवेक्षकों द्वारा किया जायेगा। साथ ही चार्ज अधिकारी भी मैदान में जाकर पुन: सत्यापन कर त्रुटियां ठीक करायेंगे। जनगणना के प्रथम चरण में 34 बिंदुओं की जानकारी संकलित होगी जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का काम किया जायेगा। जिसमें 34 बिंदुओं में जानकारी संकलित होगी। इसमें भवन व मकान नम्बर सहित मकान की स्थिति, परिवार क्रमांक, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, मकान किराए का है अथवा स्वयं का, कमरों की संख्या, परिवार के विवाहित दम्पत्तियों की संख्या, पेयजल के मुख्य स्त्रोत, पेयजल स्त्रोतों की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्त्रोत, शौचालय की सुगमता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था, परिसर के अंदर स्नान की सुविधा, रसोई घर व एलपीजी-पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने के लिये प्रयुक्त मुख्य ईंधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर व टेलीविजन की उपलब्धता, इंटरनेट सुविधा, लेपटॉप/कम्प्यूटर की उपलब्धता, टेलीफोन, मोबाइल फोन व स्मार्ट फोन इत्यादि की उपलब्धता, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप व वैन, परिवार द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले अनाज, मसलन चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का व अन्य खाद्यान्न एवं मोबाइल फोन इत्यादि जानकारी शामिल है। कलेक्टर ने की अपील बेझिझक दें सही-सही जानकारी, पूरी तरह रहेगी गोपनीय कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से भी अपील की कि जनगणना के लिये आने वाले प्रगणकों को बेझिझक सही-सही जानकारी दें। आपके द्वारा दी गई जानकारी पूर्णत: गोपनीय रहेगी। साथ ही ऐसा स्पष्ट प्रावधान है कि आपके द्वारा दी गई जानकारी का उपयोग साक्ष्य के रूप में स्वीकार नहीं होगा। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना के आंकड़े कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन कार्य के लिये आधार बनते हैं।