क्षेत्रीय
01-May-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा जनसमस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से उपनगर ग्वालियर में “आपका सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कड़ी में मंत्री श्री तोमर शुक्रवार को उप नगर ग्वालियर के वार्ड 36 स्थित पीजीव्ही कॉलेज जीवाजीगंज क्षेत्र में इस कार्यक्रम के तहत पहुँचे। इस दौरान उन्होंने लोगों से घर-घर जाकर सीधा संवाद किया और उनकी तकलीफों का स्थल पर ही यथासंभव समाधान कराया। इस दौरान कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था ठीक न मिलने पर ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने नाराजगी जताई और नगर निगम के अधिकारियों को यहां की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय निवासियों से कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन का पहला कदम है। अपने घर-प्रतिष्ठान के आस-पास के क्षेत्र को साफ रखें, ग्वालियर को हरा-भरा बनाएं। स्वच्छ हाथ, स्वस्थ शरीर के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। ऊर्जा मंत्री ने सिकरवारी मोहल्ला, न्यू शांति नगर, धोबी घाट, हजारेश्वर महादेव मंदिर, बड़े महादेव मंदिर, अनुसूचित जाति बस्ती से होते हुए जलाल खां की गोठ इलाकों में भी आपका सेवक आपके द्वार अभियान के तहत स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने वार्ड भ्रमण के दौरान दोपहर का भोजन बाल्मीकि समाज के श्री अशोक खरे के यहाँ भोजन किया। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत ट्रांसफार्मर के चारों ओर जाली लगाने तथा नीचे हो गईं विद्युत लाइनों को ठीक कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान स्थानीय पार्षदगण सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत वितरण कंपनी, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य प्रमुख विभागों के अधिकारी रहे।