क्षेत्रीय
01-May-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। माढ़ोताल, रांझी और अधारताल थाना क्षेत्रों में धोखाधड़ी के तीन बड़े मामले सामने आए हैं। इन मामलों में आरोपियों ने भरोसा जीतकर लाखों रुपये हड़प लिए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना माढ़ोताल में भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर संदीप पटेल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार कंपनी के संगम मैनेजर दमोह निवासी अरविंद धनगर और मझौली निवासी पंकज कुमार दर्जी ने महिलाओं से लोन की किश्त और प्री-पेमेंट के नाम पर रकम वसूली, लेकिन उसे कंपनी में जमा नहीं किया। जांच में सामने आया कि अरविंद धनगर ने 195 ग्राहकों से करीब 2 लाख 41 हजार 653 रुपये और पंकज दर्जी ने 15 ग्राहकों से 2 लाख 27 हजार 140 रुपये लेकर गबन कर लिया। दोनों आरोपी रकम लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आपराधिक न्यासभंग और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 318(4), 316(5), 316(2), 61(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। इसी तरह रांझी में संजय नगर निवासी किरण कुमारी के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर यूट्यूब वीडियो लाइक-सब्सक्राइब करने के टास्क दिए गए और कमीशन का लालच दिया गया। शुरुआत में छोटे अमाउंट पर पैसा लौटाकर विश्वास जीता गया, फिर अलग-अलग टास्क के नाम पर उनसे 3 लाख 88 हजार 500 रुपये जमा करा लिए गए। बाद में आरोपियों ने और रकम की मांग शुरू कर दी। इसी प्रकार अधारताल थाना क्षेत्र में न्यू कंचनपुर निवासी नीरज सिंह भदौरिया को टेलीग्राम के माध्यम से निवेश का झांसा दिया गया। आरोपी ने 3 हजार रुपये निवेश करने पर 15 हजार रुपये लौटाने का लालच दिया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से उनसे बार-बार पैसे जमा कराए गए और करीब 20 हजार रुपये ठग लिए गए। बाद में आरोपी ने नंबर बंद कर दिया, लेकिन फिर नए नंबर से संपर्क कर और पैसे मांगने लगा। शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 01 मई 2026/ 04.26