क्षेत्रीय
01-May-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। खेल भावनाएं नियम, अनुशासन, समय की पाबंदी, आपसी सहयोग, परस्पर मित्रवत् व्यवहार और प्रशि‍क्षकों के प्रति सम्मान के पालन की शपथ के साथ आज एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में 31 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशि‍क्षण शिविर पाण्डुताल मैदान में औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गया। शिविर का उद्घाटन एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक व केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव एफके मेश्राम ने किया। इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारी महेश चंद बालोधी, आलोक श्रीवास्तव, देवेन्द्र चढ़ोकर, दीपक निगम, विभि‍न्न खेलों के प्रभारी, प्रशि‍क्षक और शि‍विर में भाग लेने वाले प्रतिभागी उपस्थि‍त थे। एफके मेश्राम ने शिविर का उद्घाटन करते हुये कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ किसी खेल का प्रशि‍क्षण भर ही नहीं है, बल्कि‍ प्रतिभागी बच्चों के लिए सार्वभौमिक विकास का एक नया रास्ता खोलना भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शि‍विर में प्रतिभागी बच्चों के व्यक्ति‍त्व को एक नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल प्रशि‍क्षण शि‍विर को आयोजित करने का एक अन्य उद्देश्य सामाजिक सरोकार भी है। इस शि‍विर में विद्युत परिवार के अतिरिक्त नगर के विभि‍न्न क्षेत्रों के बच्चे भी शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि इस ग्रीष्मकालीन खेल प्रशि‍क्षण शि‍वि‍र में विद्युत कंपनियों के अधि‍कारियों व कार्मिकों के बच्चों के अलावा उनके आश्रित और बाहरी बच्चे भी भाग ले रहे हैं। नगर के सबसे बड़े ग्रीष्मकालीन खेल प्रशि‍क्षण शि‍विर के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने वाले इस प्रशि‍क्षण कार्यक्रम में कुल 13 खेलों क्रिकेट, फुटबाल, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, वालीबाल, कुश्ती, शरीर सौष्ठव.फिजिकल फिटनेस, ताईक्वानडो, शूटिंग, एरोबिक्स, स्केटिंग व योग का प्रशि‍क्षण दिया जाएगा। प्रशि‍क्षण शि‍विर में केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के वरिष्ठ खि‍लाड़ी एवं अनुभवी प्रशि‍क्षक अपनी सेवाएं देंगे। शि‍विर में प्रतिभागी बच्चों को शपथ वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी अनिल शर्मा ने दिलाई। कार्यक्रम का संचालन जयंत वामन खारपाटे ने किया। सुनील साहू / मोनिका / 01 मई 2026/ 05.09