( दतिया ) कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्यवाही 11 करोड़ की शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशानुसार जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में आज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री लोकेंद्र सरल के नेतृत्व में दतिया शहर में बड़ी कार्यवाही करते हुए लगभग 11 करोड़ रुपए मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। कार्यवाही के दौरान दतिया गिर्द की शासकीय भूमि सर्वे नंबर 257 में लगभग 3.00 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्के निर्माण कर लिए गए थे, जिन्हें जेसीबी मशीन के माध्यम से हटाया गया। इसी प्रकार सर्वे नंबर 1233/1 में लगभग 0.40 हेक्टेयर भूमि पर भी अतिक्रमण पाया गया, जहां करीब 10 पक्के मकानों को ध्वस्त करते हुए भूमि को मुक्त कराया गया। पूरी कार्यवाही के दौरान तहसीलदार बृजमोहन आर्य, राजस्व अमला, थाना सिविल लाइन पुलिस बल एवं नगर पालिका अमला मौके पर उपस्थित रहा और कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। कलेक्टर श्री वानखड़े ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।