क्षेत्रीय
01-May-2026
...


रानी दुर्गावती पीजी कॉलेज मंडला में वॉक-इन-इंटरव्यू से बदल सकेंगे संकाय, विषय बदलने वाले विद्यार्थियों के लिए पात्रता परीक्षा अनिवार्य मण्डला (ईएमएस)। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का आगाज कर दिया गया है। स्नातक प्रथम वर्ष के लिए 01 मई से और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के लिए 02 मई से ई-प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है। इस वर्ष विद्यार्थियों को किसी भी विषय या संकाय में प्रवेश लेने की स्वतंत्रता दी गई है, हालांकि संकाय परिवर्तन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए विशेष पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंडला के प्राचार्य द्वारा जारी सूचना के अनुसार जो विद्यार्थी अपनी 12वीं कक्षा के मूल संकाय के स्थान पर किसी अन्य संकाय में प्रवेश लेना चाहते हैं, उन्हें एक चलित साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना होगा। यह साक्षात्कार प्रक्रिया कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पूर्णत: नि:शुल्क आयोजित की जाएगी। बताया गया कि पात्रता परीक्षा आगामी 5 मई से 14 मई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक महाविद्यालय के कक्ष क्रमांक सात में आयोजित की जाएगी। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए विज्ञान, कला या वाणिज्य संकाय से उत्तीर्ण विद्यार्थी अपनी पसंद के अन्य संकाय में प्रवेश हेतु इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के वे विद्यार्थी भी इस साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे जो अपने मेजर, माइनर विषयों के अलावा किसी अन्य विषय या संकाय में प्रवेश लेना चाहते हैं। प्रक्रिया में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को एक हस्तलिखित आवेदन पत्र और अपने समस्त शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर महाविद्यालय में उपस्थित होना होगा। पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद ही उन्हें संबंधित संकाय में प्रवेश हेतु पात्रता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। ईएमएस / 01 मई 2026