अहमदाबाद (ईएमएस)| 1 मई 2026 अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (डब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ), अहमदाबाद मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों के 30 रेलकर्मियों को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया एवं उनके कठोर परिश्रम, लगन एवं निष्ठा पूर्ण कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर डब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ अहमदाबाद मंडल की अध्यक्षा शेफाली गुप्ता ने सभी रेलकर्मियों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय रेल, जो देश की जीवन रेखा है, उसकी मजबूती और सफलता के पीछे लाखों कर्मचारियों का अथक परिश्रम निहित है। उन्होंने कहा कि ट्रैकमैन, गार्ड, लोको पायलट, तकनीकी कर्मचारी या स्टेशन स्टाफ—हर कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाता है। मजदूर दिवस हमें यह संदेश देता है कि हर श्रमिक का योगदान अमूल्य है और उसका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने अपने संबोधन में रेलकर्मियों की लगन एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि लाइन पर कार्य करने वाले कर्मचारी हर मौसम में बिना थके अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल केवल पटरियों और ट्रेनों का नेटवर्क नहीं है, बल्कि यह कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। दिन-रात, गर्मी-बरसात हर परिस्थिति में रेलकर्मी अपनी सेवाएं देकर देश की गति को बनाए रखते हैं। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मंजू मीणा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास गढ़वाल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारीगण, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेलवे यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे। - 01 मई