- 5 लाख के जेवर-नकदी बरामद गुना (ईएमएस) । शहर के बूढ़े बालाजी क्षेत्र की सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने कुख्यात बदमाश ‘हउआ’ को दबोच लिया है। 16 मामलों में नामजद यह आरोपी इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला, जिसके कब्जे से लाखों की ज्वेलरी और नकदी बरामद की गई है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कुख्यात बदमाश ‘हउआ’ भी शामिल है। पुलिस के अनुसार ‘हउआ’ पर पहले से 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक अन्य प्रकरण में भी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 मई को फरियादी के घर चोरी की घटना हुई थी। उस समय पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान पुलिस ने ‘हउआ’ और उसके साथी छोटू नामदेव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए मूल्य के जेवर और नगदी बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। हालांकि इस गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि ‘हउआ’ इलाके में लंबे समय से सक्रिय था और पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसकी गिरफ्तारी से शहर में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। - सीताराम नाटानी