- डिमर्जर के बाद एल्युमीनियम कारोबार में बड़े बदलाव - रणनीतिक विस्तार पर रहेगा विशेष ध्यान कोरबा (ईएमएस) वेदांता समूह ने डिमर्जर प्रक्रिया के बाद अपने नए कारोबारी ढांचे ‘वेदांता 2.0’ के तहत कार्यकारी नेतृत्व टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। समूह ने एल्युमीनियम कारोबार को नए स्वरूप में आगे बढ़ाने के लिए शीर्ष स्तर पर कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। इस बदलाव के साथ अब बालको समेत एल्युमीनियम सेक्टर की जिम्मेदारी नई टीम संभालेगी। नई घोषणा के अनुसार राजेश कुमार को एल्युमीनियम कारोबार का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। अनुप अग्रवाल को मुख्य वित्तीय अधिकारी और प्रवीण पुरोहित को मुख्य मानव संसाधन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्षेत्रीय स्तर पर भी नेतृत्व को लेकर स्पष्ट जिम्मेदारियां तय की गई हैं। राजेश कुमार सिंह को भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड यानी बालको का नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। वहीं सी. चंद्रू झारसुगुड़ा इकाई और प्रणब भट्टाचार्य लांजीगढ़ एल्युमिना कारोबार की कमान संभालेंगे। वेदांता समूह ने इस बदलाव को अपनी दीर्घकालिक कारोबारी रणनीति का हिस्सा बताया है। समूह के अनुसार ‘3D रणनीति’ यानी डिमर्जर, विविधीकरण और डिजिटलीकरण के जरिए कंपनी अलग-अलग क्षेत्रों में अधिक प्रभावी और प्रतिस्पर्धी ढंग से काम करेगी। समूह का कहना है कि नए ढांचे से निर्णय प्रक्रिया तेज होगी और अलग-अलग कारोबार इकाइयों को स्वतंत्र रूप से विस्तार की बेहतर संभावनाएं मिलेंगी। साथ ही रणनीतिक साझेदारी और निवेश आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी। वेदांता वर्तमान में देश की सकल घरेलू उत्पाद में करीब 2.5 प्रतिशत योगदान देने का दावा करती है। कंपनी अब रिन्यूएबल एनर्जी, स्टील और पावर सेक्टर में भी विस्तार की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में कोरबा स्थित बालको इकाई में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर औद्योगिक क्षेत्र में चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि नए प्रबंधन के तहत उत्पादन क्षमता, डिजिटलीकरण और लागत नियंत्रण पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। - डिमर्जर के बाद अलग पहचान बनाने की तैयारी वेदांता समूह अलग-अलग कारोबार इकाइयों को स्वतंत्र पहचान देने की दिशा में काम कर रहा है। डिमर्जर के बाद एल्युमीनियम, स्टील, पावर और अन्य क्षेत्रों में अलग रणनीति के साथ विस्तार की तैयारी की जा रही है। कंपनी का लक्ष्य वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा मजबूत करना है। - बालको पर रहेंगी उद्योग जगत की नजरें बालको को देश के प्रमुख एल्युमीनियम उत्पादक उद्योगों में गिना जाता है। ऐसे में आर.के. सिंह की नियुक्ति के बाद अब उद्योग जगत की नजरें कोरबा इकाई के भविष्य के विस्तार, उत्पादन क्षमता और नई औद्योगिक योजनाओं पर टिकी रहेंगी। - 02 मई