क्षेत्रीय
02-May-2026
...


- घर के आंगन में खड़ी ऑटो और बाइक भी आई जद में कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर बस्ती मुख्य मार्ग स्थित एक मकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में घर के आंगन में खड़ी एक ऑटो और दुपहिया वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की ऊंची लपटों को देख इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को हादसे का कारण माना जा रहा है। यह मकान स्थानीय निवासी लोचन सोनी नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जो घर के पास ही साइकिल दुकान चलाते हैं और ऑटो भी संचालित करते हैं। जानकारी के अनुसार, मकान के आंगन में लगे इलेक्ट्रिक बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग तेजी से फैली और आंगन में खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के वक्त परिवार के सदस्य कमरों के भीतर थे, जिसके कारण उन्हें शुरुआत में आग का पता नहीं चला। जैसे ही आग की लपटें बढ़ीं और धुआं फैलना शुरू हुआ, घर के लोग तुरंत बाहर की ओर भागे और अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, अन्यथा घनी बस्ती होने के कारण आसपास के अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। हालांकि, इस अग्निकांड में पीड़ित लोचन सोनी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। - 02 मई