क्षेत्रीय
02-May-2026
...


- ग्राम उरगा में खंभे से टकराने की जताई जा रही आशंका - पुलिस पहचान में जुटी कोरबा (ईएमएस)। कोरबा-चांपा सड़क मार्ग में ग्राम उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव रेलवे के बिजली खंभे के तार से लिपटा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चलती ट्रेन में खंभे से टकराने के कारण यह हादसा हुआ होगा। स्टेशन मास्टर की सूचना पर उरगा पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, यह घटना देर रात की है। जांच में यह संभावना व्यक्त की गई है कि अज्ञात युवक रात के समय किसी यात्री ट्रेन के गेट पर खड़ा था और संतुलन बिगड़ने पर वह खंभे से टकरा गया। - पुलिस युवक की पहचान और मामले की जांच में जुटी मृतक युवक की उम्र लगभग 24 साल बताई जा रही है। उसने काले रंग का लोअर, टी-शर्ट और जूते पहने हुए थे। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के ग्रामो में मुनादी कराने के साथ-साथ व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से मृतक की पहचान कराने में जुटी है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है। थाना प्रभारी ने कहा कि पहचान होने के बाद ही मृतक की पूरी जानकारी मिल सकेगी। - रेलवे पुलिस भी कर रही जांच-पड़ताल पुलिस को आशंका है कि यह घटना रात में गुजरने वाली किसी यात्री ट्रेन में हुई है। अक्सर यात्री गर्मी या भीड़ के कारण ट्रेन के गेट पर खड़े होकर यात्रा करते हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस भी अपने स्तर पर मामले की पड़ताल कर रही है। - 02 मई