रायपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार को मिल रहे अपार जन-समर्थन के मद्देनजर कहा है कि प्रदेश के कोने-कोने में जनता जिस उत्साह के साथ इस उत्सव से जुड़ रही है, उससे कांग्रेस खेमे में भारी खलबली मच गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पिछले ढाई साल के पारदर्शी और जवाबदेह शासन का रिपोर्ट कार्ड है। महतारी वंदन योजना, किसानों को धान का बकाया बोनस और रामलला दर्शन जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन ने कांग्रेस के झूठ के पुलिंदे को ढहा दिया है। श्री ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता अब कुंठा में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। पाँच साल तक छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बनाने वाले आज सुशासन शब्द से ही घबरा रहे हैं और कांग्रेस को अपना अस्तित्व खतरे में नजर आने लगा है। श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के शासन में कुशासन और कमीशनखोरी का बोलबाला था, जबकि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में आज अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुँच रहा है। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि जनता को अब उनके खोखले नारों की जरूरत नहीं है। छत्तीसगढ़ की जनता मोदी की गारंटी और साय सरकार के सुशासन पर मुहर लगा चुकी है। सुशासन तिहार की सफलता कांग्रेस की राजनीतिक विदाई का स्पष्ट संकेत है। - 02 मई 2026