क्षेत्रीय
02-May-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय, टी.टी. नगर की छात्राओं के लिए 1 मई से निशुल्क ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह प्रशिक्षण समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत संचालित हो रहा है, जिसमें कक्षा 10वीं और 12वीं के IT-ITES संकाय की 49 छात्राएं भाग ले रही हैं। यह प्रशिक्षण माँ हिंगलाज सेवा समिति के सहयोग से हाइटेक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शिवाजी नगर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 1 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा, जिसकी न्यूनतम अवधि 20 दिन तय की गई है। इस दौरान छात्राओं को कंप्यूटर, आईटी सेवाओं और अन्य तकनीकी कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उन्हें वास्तविक कार्य वातावरण का अनुभव मिल सके। संस्थान के अध्यक्ष अनिल मालवीय ने बताया कि इस तरह की ट्रेनिंग से छात्राओं के कौशल में वृद्धि होती है और वे रोजगार के लिए बेहतर तैयार होती हैं। वहीं, वोकेशनल ट्रेनर मनीषा जैसवाल ने इसे छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस पहल को छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सार्थक कदम बताया है।