रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित ‘सुशासन तिहार’ को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि सरकार साल भर आम जनता के काम नहीं करती और अब सुशासन तिहार के नाम पर आवेदन लेने का दिखावा कर रही है। श्री शुक्ला ने कहा कि पटवारी से लेकर तहसील कार्यालयों तक नामांतरण, फौती और त्रुटि सुधार जैसे लाखों आवेदन लंबित पड़े हैं, जिससे आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसे बुनियादी कामों के लिए भी लोगों को ‘सुशासन तिहार’ का इंतजार करना पड़ रहा है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रदेश में सुशासन है, तो फिर ऐसे आयोजनों की जरूरत क्यों पड़ रही है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि पिछले साल भी ऐसे आयोजन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण नहीं हुआ और उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि पहले पिछले साल के आवेदनों की स्थिति स्पष्ट करे। कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार पर बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, स्कूलों में संसाधनों की कमी है और अस्पतालों में इलाज की स्थिति खराब है। साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। आर्थिक मुद्दों पर भी सरकार को घेरते हुए शुक्ला ने कहा कि प्रदेश पर भारी कर्ज बढ़ गया है, बिजली कटौती और पेयजल संकट जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योग प्रभावित हो रहे हैं, जीएसटी की अनियमितताओं से व्यापारी परेशान हैं और कई वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने ‘महतारी वंदन योजना’, सस्ते गैस सिलेंडर और प्रधानमंत्री आवास जैसे मुद्दों पर भी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी नहीं दिख रही हैं। - 02 मई 2026