धनवाद (ईएमएस)। झारखंड के धनबाद में शनिवार शाम एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की मुनीडीह कोल वाशरी परियोजना में ट्रक में स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक कोयले की स्लरी का बड़ा ढेर मजदूरों पर गिर गया। इस हादसे में कम से कम चार ठेका मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन तथा बचाव दल हरकत में आ गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, जिसमें जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि, आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई मजदूर अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना ने खदानों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। ईएमएस / ०२ मई 2026