देवरी/सागर (ईएमएस)। भीषण गर्मी के प्रकोप और बढ़ते तापमान को देखते हुए आमजन को राहत पहुँचाने के लिए नगर पालिका परिषद देवरी द्वारा नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल हेतु प्याऊ (नि:शुल्क प्याऊ) की व्यवस्था शुरू की गई है। यह जनहितकारी कार्य नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन के विशेष निर्देश और उनके द्वारा लिखे गए पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए क्रियान्वित किया गया है। नपा अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने प्याऊ से संबंधित बैनर फ्लेक्स लगाने संबंधी निर्देश भी दिए हैं जिससे यात्री व राहगीरों को पेयजल उपलब्धता की जानकारी मिल सके अध्यक्ष की संवेदनशीलता आई काम- उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाजार आने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा था। नागरिकों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने दिनांक 29 अप्रैल को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से शहर के मुख्य चौराहों, सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ संचालित करने के निर्देश दिए थे।नगर पालिका द्वारा नगर के बस स्टैंड, नगर पालिका चौराहा, सिविल लाइन तिराहा, झुनकु वार्ड नौ देवी मंदिर के पास एवं सहजपुर तिराहा के पास प्याऊ केंद्र स्थापित किए गए हैं। - जनता ने जताया आभार नगर पालिका की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने हर्ष व्यक्त किया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दोपहर की चिलचिलाती धूप में शुद्ध पेयजल मिलना किसी वरदान से कम नहीं है। अध्यक्ष जी का यह निर्णय सराहनीय है।इस संबंध में अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने कहा कि जनता की सेवा ही हमारी प्राथमिकता है। इस भीषण गर्मी में कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे, इसके लिए नगर पालिका पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले दिनों में आवश्यकतानुसार प्याऊ केंद्रों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। निखिल सोधिया/ईएमएस/02/05/2026