- टैंकर का पहिया बाइक सवार युवक के सिर पर चढ़ा इन्दौर (ईएमएस) कल देर रात हुए एक हृदय विदारक और वीभत्स सड़क हादसे में बाइक सवार युवक के गिरने के बाद उसके सिर पर पानी के टैंकर का पहिया चढ़ गया जिससे उसके सिर के टुकड़े-टुकड़े हो सड़क पर बिखर गये उन टुकड़ों को बाद में एक सामाजिक कार्यकर्ता ने हाथों से समेटा। हादसा कनाड़िया थाना क्षेत्र का है। कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव के अनुसार बिचौली मर्दाना सरकारी स्कूल के सामने हुए हादसे में दो बाइक सवार युवकों को एक पानी के टैंकर ने टक्कर मार दी। जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम विजय पिता नारायण सिंह ठाकुर उम्र पच्चीस साल निवासी ग्राम लोहारी जिला धार, हाल निवासी मूसाखेड़ी है। वहीं उसके साथ उसका साथी रविंद्र ठाकुर भी बाइक पर सवार था जो घायल हुआ है। हादसे के बाद टैंकर चालक टैंकर छोड़ फरार हो गया। दोनों युवक पुताई का काम करते थे। आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे, जिसके चलते बाइक पर नियंत्रण नहीं रह सका और हादसा हो गया। वहीं जानकारी यह भी बताई जा रही है कि स्पीड ब्रेकर पर अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे प्राइवेट पानी के टैंकर ने एक युवक को कुचल दिया। और उसका पहिया उसके सिर पर चढ़ गया जिससे उसका सिर कई टुकड़ों में सड़क पर बिखर गया वहां मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता अजय नागदा ने शव को अस्पताल पहुंचाने में मदद के साथ सड़क पर बिखरे सिर के टुकड़ों को हाथों से समेटकर थैली में रखा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा हादसे के बाद फरार टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 03 मई 2026