बिलासपुर (ईएमएस)। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां छोटे भाई को बचाने पहुंचे युवक की बदमाशों ने चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अभिषेक यादव (22) मोपका गुड़ी मोहल्ले का निवासी था। उसका चचेरा भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने ओमप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। - पढ़ाई कर रहा था युवक बताया जा रहा है कि अभिषेक यादव स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र था। शनिवार रात लगभग साढ़े दस बजे मोपका चौक में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। करीब पांच युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। - बीच-बचाव में गई जान अपने छोटे भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और उसे बचाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। एक युवक ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। - जान बचाकर चौकी पहुंचा भाई हमले के बाद ओमप्रकाश किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए नजदीकी पुलिस चौकी तक पहुंच गए, लेकिन वह चौकी के अंदर घुसकर बच गया। इधर, परिजन अभिषेक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। - थाने का घेराव, कार्रवाई की मांग घटना से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। - पांच आरोपी हिरासत में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। - 03 मई 2026