बिलासपुर (ईएमएस)। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, बिलासपुर द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़ी एक सराहनीय पहल करते हुए राजकिशोर नगर स्थित शनि मंदिर परिसर में शर्बत वितरण एवं देहदान-नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए समिति की सदस्यों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को शीतल शर्बत वितरित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया और सेवा कार्य की सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को देहदान और नेत्रदान जैसे महादान के प्रति जागरूक करना था। समिति की सदस्यों ने आमजन को सरल भाषा में समझाया कि मृत्यु के बाद किया गया यह दान कई जरूरतमंदों को नया जीवन और नई रोशनी दे सकता है। उन्होंने बताया कि नेत्रदान से किसी अंधे व्यक्ति की दुनिया रोशन हो सकती है, जबकि देहदान से चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को बड़ा सहयोग मिलता है। इस दौरान जागरूकता पोस्टर के माध्यम से लोगों को जानकारी दी गई और उनसे अपील की गई कि वे इस पुनीत कार्य में आगे आएं। समिति ने कहा कि समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करना उनका प्रमुख लक्ष्य है। कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष मधु बगडयि़ा सहित रेखा सिंघानिया, सीमा चौधरी, सपना अग्रवाल, प्रीतो बुधिया, शारदा सिंगल, ज्योति अग्रवाल, पूनम मित्तल और खुशबू अग्रवाल उपस्थित रहीं। समिति ने अंत में सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे देहदान और नेत्रदान जैसे महादान के लिए आगे आएं और समाज सेवा में अपना योगदान दें। - 03 मई 2026