क्षेत्रीय
03-May-2026
...


- पेड़ से लटका मिला शव गुना (ईएमएस) । जिले के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत सकतपुर गांव में रविवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अशोकनगर के कबीरा रोड स्थित पूजा कॉलोनी निवासी राहुल प्रजापति के रूप में हुई है, जो शनिवार को कार से गुना एक बारात में शामिल होने आया था। जानकारी के अनुसार, बारात के दौरान देर रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। परिजनों का आरोप है कि झगड़े के बाद राहुल को बारात से भगा दिया गया। इसी बीच उसने परिजनों को मोबाइल पर संदेश भेजकर कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद से उसका संपर्क टूट गया। रविवार सुबह सकतपुर गांव में एक नीम के पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि युवक के साथ मारपीट कर उसकी जान ली गई और बाद में शव को फंदे पर लटका दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है। -सीताराम नाटानी