बिलासपुर (ईएमएस)। रेलवे परिक्षेत्र स्थित नया माल गोदाम में रेलवे कामगार मजदूर यूनियन और ट्रक मालिक संघ ने संयुक्त रूप से अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान श्रमिक हितों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के संरक्षक अभयनारायण राय (पूर्व उपाध्यक्ष, अरपा बेसिन विकास प्राधिकरण) रहे, जबकि अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष शत्रुहन रात्रे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश दुबे, महेंद्र सिंह छाबरा, अजय अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, विशाल मरावी और महासचिव उबारन कुर्रे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मई दिवस के समर्थन में नारे लगाकर की गई। अतिथियों का स्वागत पदाधिकारियों ने पुष्पहार पहनाकर किया। स्वागत उद्बोधन उबारन कुर्रे ने दिया, जबकि संगठन की गतिविधियों पर अध्यक्ष शत्रुहन रात्रे ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर महेश दुबे, महेंद्र सिंह छाबरा और अजय अग्रवाल ने भी श्रमिक एकता पर जोर देते हुए संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शेख मकसूद हसन ने किया और आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष हरविंदर सिंह ने किया। मुख्य अतिथि अभयनारायण राय ने अपने संबोधन में डॉ. बाबा साहब आंबेडकर के संदेश शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो को मजदूरों के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस हमें उन संघर्षों की याद दिलाता है, जिनसे श्रमिकों को काम के घंटे, उचित मजदूरी और श्रम कानूनों के अधिकार मिले हैं। उन्होंने कहा कि आज भी इन अधिकारों के लिए संघर्ष जारी है। बिलासपुर रेलवे जोन की आय में माल ढुलाई का बड़ा योगदान है, जिसमें हमाल और ट्रांसपोर्टर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में महेश दुबे ने मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे हर संघर्ष में श्रमिकों के साथ खड़े रहेंगे। इस मौके पर आशुतोष शर्मा, विनोद रात्रे, हरविंदर सिंह, राजू धनवा, बलविंदर सिंह राय, शहनवाज खान, मोहम्मद शेख, हुसैन गौतम तिवारी, मकसूद हसन, मोहम्मद कादिर खान, गुलाम मोहम्मद, विनोद गुप्ता, अशोक बत्रा, जशपाल राणा सहित बड़ी संख्या में ड्राइवर, खलासी और मजदूर उपस्थित रहे। - 03 मई 2026