03-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले में रविवार को मेडिकल प्रवेश की महत्वपूर्ण परीक्षा नीट का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिला मुख्यालय पर बनाए गए 5 परीक्षा केंद्रों पर करीब 1700 से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित समय पर आयोजित की गई, जिसके लिए सुबह से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ नजर आने लगी थी। परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश देने से पहले तीन स्तर की सघन जांच प्रक्रिया अपनाई गई। गेट पर तैनात पुलिस बल और स्टाफ द्वारा दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ प्रतिबंधित सामग्री की जांच भी की गई, इसके बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई। 11 बजे से ही परीक्षार्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था, ताकि समय रहते औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। दोपहर के समय सीएसपी प्रियंका मिश्रा ने भी विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए एडीएम अखिलेश जैन और एएसपी मानसिंह ठाकुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पेयजल और अभ्यर्थियों के साथ आए परिजनों के लिए टेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा के माध्यम से ही देशभर के मेडिकल और संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है, जिसके चलते यह परीक्षा छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। - सीताराम नाटानी