क्षेत्रीय
03-May-2026
...


- हनुमान चौराहे पर कलेक्टर ने सफाईकर्मियों को किया सम्मानित कलेक्टर का आह्वान—दिल में बसाएं सफाई - जन्मदिन पर स्वच्छता अभियान चलाकर दिया टॉप-10 का लक्ष्य गुना (ईएमएस)। कलेक्टर किशोर कन्याल ने रविवार को अपना जन्मदिन अलग अंदाज में मनाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए गए विशेष सफाई अभियान में हिस्सा लेकर सफाईकर्मियों को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और शहर को स्वच्छता रैंकिंग में टॉप-10 में लाने का संकल्प लिया। हनुमान चौराहे से जज्जी बस स्टैंड तक चले इस अभियान में नपाध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनी, पार्षदगण, सीएमओ मंजूषा खत्री सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी और नागरिक शामिल हुए। सुबह शुरू हुए इस अभियान के दौरान कलेक्टर स्वयं सड़कों पर उतरे और सफाई कार्य में भागीदारी निभाई। उन्होंने सफाईकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और कहा कि शहर की स्वच्छता में उनका योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर “स्वच्छ गुना, सुंदर गुना” और “हम सबका एक ही नारा, स्वच्छ हो अपना गुना हमारा” जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक किया गया। कलेक्टर कन्याल ने कहा कि स्वच्छता कोई एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। यदि हर नागरिक इसे अपनी आदत बना ले, तो गुना को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस अभियान को जनआंदोलन बनाएं और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। उन्होंने आगामी दिनों में शहर में होने वाले बड़े आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गुना के लिए महत्वपूर्ण समय है और शहर की छवि बेहतर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस मौके पर युवाओं और छात्रों ने भी विभिन्न स्थानों पर कलेक्टर का जन्मदिन मनाया और स्वच्छता अभियान में भागीदारी का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और उत्साह साफ तौर पर देखने को मिला। - सीताराम नाटानी