-रील बनाने चढ़े थे 05 बच्चे, लौटते वक्त सीढ़ी टूटने से 3 किशोर नीचे गिरे, एक की मौत लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक अनोखा और चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन देखने को मिला, जहां पानी की ऊंची टंकी पर फंसे दो बच्चों को भारतीय वायु सेना ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह अभियान रविवार सुबह सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इससे पहले रील बनाने शनिवार दोपहर पांच बच्चे पानी की टंकी पर चढ़ गए थे, उतरते समय सीढ़ी टूट गई और तीन नीचे गिर गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार को काशीराम आवास कॉलोनी स्थित 60 फीट ऊंची पानी की टंकी के ऊपर 5 किशोर रील बनाने के लिए चढ़े थे। उतरते समय अचानक सीढ़ी टूट गई, जिससे 3 बच्चे नीचे गिर गए। इनमें से 1 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर बताई गई है। दो बच्चे रॉड पकड़कर लटक गए और खुद को गिरने से बचाया, फिर हिम्मत करके टंकी पर चढ़ गए। टंकी के चारों तरफ पानी भरे होने से दलदल बन गया, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानियां आईं। दलदल के कारण हाइड्रॉलिक क्रेन टंकी तक नहीं पहुंच सकी। इसे देखते हुए 150 मीटर लंबी सड़क बनाने का काम शुरू किया गया था लेकिन रात करीब 3 बजे तेज बारिश हुई, जिससे काम रुक गया। इसे देखते हुए प्रशासन ने सेना से मदद मांगी और फिर रविवार सुबह करीब 5.20 बजे एयरफोर्स का एमआई-17 हेलिकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंचा। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सेंट्रल एयर कमांड द्वारा एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया। सुबह करीब 5:30 बजे हेलीकॉप्टर की सहायता से दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें सीधे गोरखपुर ले जाया गया, जहां उनकी स्वास्थ्य जांच कराई गई। वायुसेना ने इस पूरे अभियान का वीडियो भी साझा किया है, जिसमें बचाव कार्य की सटीकता और तत्परता साफ नजर आती है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा ने मीडिया को बताया कि जिला प्रशासन लगातार वायुसेना अधिकारियों के संपर्क में था और राज्य सरकार के समन्वय से यह ऑपरेशन संभव हो सका। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय का आभार जताते हुए कहा कि समय पर लिए गए फैसले से बच्चों की जान बचाई जा सकी। हिदायत/ईएमएस 03मई26