राष्ट्रीय
03-May-2026
...


विज्ञापन, साहित्य, कला और सिनेमा जगत में विश्व स्तर पर जाने जाते हैं नई दिल्ली,(ईएमएस)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भारत के सार्वजनिक सेवा प्रसारक प्रसार भारती का अध्यक्ष मशहूर गीतकार प्रसून जोशी को नियुक्त किया है। प्रसून जोशी साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और सार्वजनिक संचार के क्षेत्र में व्यापक योगदान देने वाले एक प्रतिष्ठित रचनात्मक पेशेवर हैं। अपने प्रभावशाली लेखन और गहरी सांस्कृतिक संवेदनशीलता के लिए जाने जाने वाले प्रसून जोशी ने समकालीन भारतीय मीडिया की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके कार्यों में प्रशंसित फिल्म गीत, विज्ञापन अभियान और सामाजिक रूप से प्रासंगिक कहानियां शामिल हैं जो देशभर के विविध दर्शकों से जुड़ती हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में प्रसून जोशी की नियुक्ति पर बधाई। प्रसून जोशी एक विलक्षण रचनात्मक प्रतिभा हैं जिन्हें विज्ञापन, साहित्य, कला और सिनेमा जगत में विश्व स्तर पर सराहा जाता है, फिर भी उनका हृदय भारत के लिए धड़कता है। उनके शब्दों में हमारी मिट्टी की सुगंध है और उनकी दृष्टि हमारी संस्कृति के शाश्वत सार को दर्शाती है। उनके नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा और एक नई रचनात्मक आवाज मिलेगी। इस नियुक्ति से पहले प्रसून जोशी अगस्त 2017 से मुंबई स्थित केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे हैं, जहां उन्होंने फिल्म उद्योग के हितधारकों के साथ जुड़कर फिल्म प्रमाणन प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाने में योगदान दिया। सीबीएफसी में उनका कार्यकाल रचनात्मक अभिव्यक्ति और नियामक उत्तरदायित्व के प्रति संतुलित दृष्टिकोण को दर्शाता है। इससे पहले वे मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप इंडिया के सीईओ और मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप एशिया पैसिफिक के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे 2016 से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के न्यासियों में से एक हैं। रचनात्मक उद्योगों और सार्वजनिक संचार में अपने व्यापक अनुभव के साथ प्रसून जोशी से प्रसार भारती के नेतृत्व में एक अनूठा दृष्टिकोण लाने की उम्मीद है। सिराज/ईएमएस 03मई26 -----------------------------